
सिद्धू ने मंत्री पद की शपथ ली
चंडीगढ़। कैप्टन अमरिंदर सिंह ने आज पंजाब की कमान संभाल ली। राज्यपाल वीपी सिंह बडनौर ने कांग्रेस नेता सिंह को राज भवन में आयोजित सादे समारोह में पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। सिंह के साथ नवजोत सिंह सिद्धू सहित नौ लोगों ने मंत्री पद की शपथ ली। पहले सिद्धू को उप मुख्यमंत्री बनाये जाने की खबरें थीं लेकिन पार्टी की ओर से साफ कर दिया गया है कि इस सरकार में कोई उपमुख्यमंत्री नहीं होगा। जिन लोगों ने मंत्री पद की शपथ ली उनमें ब्रह्म महिंद्रा, मनप्रीत सिंह बादल, साधु सिंह धरमसोत, तृप्त राजेंद्
र बाजवा, राणा गुरजीत सिंह, चरणजीत सिंह चन्नी, अरुणा चौधरी और रजिया सुल्ताना प्रमुख हैं।

शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह, कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह, हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपिंदर सिंह हुड्डा, कई पूर्व केंद्रीय मंत्री और पार्टी के कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। कैप्टन ने दूसरी बार राज्य की कमान संभाली है। पंजाब में किसानों की बदहाल स्थिति को देखते हुए कांग्रेस ने शपथ समारोह का सादा रखने का ही निर्णय लिया था। उल्लेखनीय है कि पंजाब विधानसभा चुनावों में कांग्रेस स्पष्ट बहुमत के साथ सत्ता में आयी है।