You are here
Home > देश > किसानों का भविष्य काफी उज्ज्वल, 2022 तक आय दोगुनी- गृहमंत्री राजनाथ सिंह

किसानों का भविष्य काफी उज्ज्वल, 2022 तक आय दोगुनी- गृहमंत्री राजनाथ सिंह

सूरजकुंड। गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने आज देश के किसानों को आश्वस्त किया कि वर्ष 2022 तक उनकी आय दोगुनी हो जायेगी। उन्होंने कृषि क्षेत्र में विकास की व्यापक संभावनायें बताते हुये उसे 21वीं सदी का उभरता हुआ क्षेत्र बताया। राजनाथ सिंह ने इन आशंकाओं को दरकिनार किया कि खेती-किसानी का भविष्य अंधकारमय है। इसके विपरीत उन्होंने कहा कि किसानों का भविष्य काफी उज्ज्वल है। गृहमंत्री यहां हरियाणा सरकार द्वारा आयोजित एक सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा, ‘‘हमारे प्रधानमंत्री ने किसानों की आय 2022 तक दोगुनी करने की अपनी योजना पहले ही बता दी है और हम उनकी इस योजना को वास्तविकता में बदलेंगे।’’ गृहमंत्री ने किसानों के समक्ष आने वाली चुनौतियों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि किसानों के समक्ष खेती की ऊंची लागत और कृषि उपज को उचित दाम पर बेचने जैसी कई समस्यायें हैं। सिंह ने इन आशंकाओं को दूर किया कि भारतीय किसानों का कोई भविष्य नहीं है। उन्होंने कहा, ‘‘मैं और मुझ जैसे कई लोगों का यह मानना है कि कृषि क्षेत्र में वृद्धि की संभावना न तो समाप्त हुई है और न ही यहां किसानों का भविष्य अंधकारमय है।’’ गृहमंत्री ने अपनी बात को और मजबूती देते हुये कहा कि दुनियाभर में कई लोग यह मानने लगे हैं कि 21वीं सदी में खेतीबाड़ी ही एकमात्र उभरता हुआ क्षेत्र है। इसमें उत्पादन बढ़ाने के लिये जो प्रौद्योगिकी अपनाई जा रही है उसका काफी योगदान है।

Sharing is caring!

Similar Articles

Leave a Reply

Top