You are here
Home > खेल > जीतू ने ISSF विश्व कप में भारत को दिलाया स्वर्ण, अमनप्रीत को रजत

जीतू ने ISSF विश्व कप में भारत को दिलाया स्वर्ण, अमनप्रीत को रजत

नई दिल्ली। भारत के जीतू राय ने आईएसएसएफ विश्व कप में पुरुषों की 50 मीटर पिस्टल स्पर्धा में विश्व रिकॉर्ड बनाते हुए भारत को स्वर्ण पदक ‍दिलाया। भारत के ही अमनप्रीत सिंह ने स्पर्धा का रजत पदक जीता।

जीतू का यह दो दिनों में दूसरा पदक है। उन्होंने मंगलवार को 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में कांस्य पदक जीता था। इस विश्व कप में भारत के पदकों की कुल संख्या अब 5 हो गई है। पूजा घाटकर ने पहले दिन कांस्य पदक जीता था जबकि अंकुर मित्तल ने डबल ट्रैप में रजत पदक हासिल किया था।

महू स्थित आर्मी मार्क्समैनशिप यूनिट के सुबेदार जीतू ने 230.1 अंकों के विश्व रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक जीता जबकि अमनप्रीत 226.9 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहे। अमनप्रीत ने पहली पार विश्व कप में हिस्सा लिया था। कांस्य पदक ईरान के वाहिद गोलखानदान ने 208 अंकों के साथ अपने नाम किया। क्वालीफाइंग राउंड के बाद अमनप्रीत 561 अंकों के साथ पहले जबकि जीतू 559 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर थे।

पिछले साल देखा था स्वर्ण का सपना : जीतू

जीतू ने कहा- मैंने 2016 के सत्र का अंत विश्व कप में रजत पदक जीतकर किया था। मैंने 2017 की यहां भारत में शानदार शुरुआत करने का सपना देखा था। मैंने इस साल सभी विश्व कप में भाग लेने की योजना बनाई है। अब हमें म्युनिख में आईएसएसएफ विश्व कप में भाग लेना है। वहां जाने से पहले मुझे कुछ चीजों में सुधार करने की जरूरत है। मैं बाकी सत्र के लिए पूरी तरह तैयार हूं। उन्होंने कहा- मेरी शुरुआत अच्छी नहीं रही, लेकिन यही खेल का मजा है। मै शॉट दर शॅाट आगे बढ़ता रहा और फिर शीर्ष पर पहुंच गया। विश्व कप में अपने प्रशंसकों के सामने स्वर्ण पदक जीतना शानदार अनुभव है। यह बड़ा सम्मान है और भारतीय तिरंगे को लहराते हुए देखना सुखद अहसास।

Sharing is caring!

Similar Articles

Leave a Reply

Top