You are here
Home > देश > योगी आदित्यनाथ होंगे उत्तर प्रदेश के नये मुख्यमंत्री

योगी आदित्यनाथ होंगे उत्तर प्रदेश के नये मुख्यमंत्री

लखनऊ। गोरखपुर के सांसद योगी आदित्यनाथ उत्तर प्रदेश के नये मुख्यमंत्री होंगे। उन्हें आज सर्वसम्मति से भाजपा विधायक दल का नेता चुन लिया गया। माना जा रहा है कि प्रदेश भाजपा अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य और भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दिनेश शर्मा नयी सरकार में उप मुख्यमंत्री होंगे। भाजपा आलाकमान की ओर से योगी के नाम को हरी झंडी दिये जाने के बाद आज उनके नाम का प्रस्ताव नवनिर्वाचित भाजपा विधायक दल की बैठक में रखा गया। केंद्रीय पर्यवेक्षकों वेंकैया नायडू, भूपेंद्र यादव और प्रदेश प्रभारी ओम माथुर की उपस्थिति में आदित्यनाथ को सर्वसम्मति से विधायक दल का नेता चुन लिया गया।
लखनऊ के लोक भवन में आयोजित बैठक में जैसे ही योगी आदित्यनाथ पहुंचे सभी ने ताली बजाकर उनका स्वागत किया। बैठक में योगी आदित्यनाथ और केशव प्रसाद मौर्य एक साथ पहुंचे जबकि लखनऊ के मेयर दिनेश शर्मा विधायक नहीं होने के बावजूद बैठक में बुलाये गये। अपने चयन के बाद योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह, केंद्रीय संसदीय बोर्ड और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और विधायकों का शुक्रिया अदा किया। वह यहीं से सीधे राज भवन जा रहे हैं जहां राज्यपाल राम नाईक से मिल कर वह सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे।
उधर, बैठक स्थल पर पहुंचने पर योगी आदित्यनाथ का भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने जोरदार स्वागत किया। बैठक स्थल के बाहर योगी योगी के नारे लगते रहे। समर्थकों को संभालने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
योगी आदित्यनाथ को आज सुबह पार्टी अध्यक्ष अमित शाह ने चार्टर्ड विमान से दिल्ली बुलाया था जिसके बाद वह केशव प्रसाद मौर्य के साथ लखनऊ रवाना हो गये। इससे पहले मुख्यमंत्री पद की दौड़ में केंद्रीय राज्य मंत्री मनोज सिन्हा को सबसे आगे बताया जा रहा था लेकिन आज उन्होंने सभी अटकलों को खारिज कर दिया था।
आदित्यनाथ पूर्वांचल के बड़े नेता हैं और गोरखपुर से लगातार पांचवीं बार सांसद हैं। वह पहली बार 26 साल की उम्र में संसद पहुंचे थे। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों के प्रचार में योगी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी और प्रदेश भर में कई चुनावी रैलियां की थीं।

Sharing is caring!

Similar Articles

Leave a Reply

Top