
सतना। चित्रकूट उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी नीलांशु चतुर्वेदी ने नामांकन दाखिल कर दिया। कुछ ही देर में भाजपा प्रत्याशी शंकर दयाल त्रिपाठी भी नामांकन भरने पहुंचे। इनके साथ भाजपा के कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे। बर्खास्त आईएएस शशि कर्णावत द्वारा विछियान नरसंहार की शिकार प्रभात कुमारी का नामांकन दाखिल कराया गया। आप पार्टी पदाधिकारी रीतेश ने निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में पर्चा दाखिल किया।
नामांकन फॉर्म भरने की आखिरी तारीख के एक दिन पहले भाजपा और कांग्रेस ने अपने प्रत्याशी घोषित किए। नीलांशु नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष हैं, वहीं त्रिपाठी संगठन में जिला मंत्री और मंडल अध्यक्ष रह चुके हैं। समाजवादी पार्टी ने महेंद्र मिश्रा को प्रत्याशी बनाया है।
चित्रकूट में नौ नवम्बर को चुनाव होंगे। सूत्रों के अनुसार कांग्रेस द्वारा प्रत्याशी चयन के लिए जिला कांग्रेस से पैनल भेजा गया था, जिसमें नीलांशु चतुर्वेदी के अलावा दिवंगत विधायक प्रेमसिंह के दामाद संजय कछवाह का नाम भी था। नीलांशु चतुर्वेदी नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह की पसंद बताए जाते हैं।
सतना क्षेत्र सिंह के प्रभाव वाला होने के कारण प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने उन्हें प्रत्याशी चयन की जिम्मेदारी सौंपी थी। बताया जाता है कि चतुर्वेदी ब्राह्मण राजपरिवार से हैं। इंजीनियरिंग की डिग्री प्राप्त करने के बाद नीलांशु ने समाजसेवा के क्षेत्र में काम किया। वे 2009 में नयागांव नगर पंचायत के अध्यक्ष चुने गए थे।