You are here
Home > राज्य और शहर > बारिश से दीवार ढही, एक महिला की मौत, 3 घायल

बारिश से दीवार ढही, एक महिला की मौत, 3 घायल

रतलाम। जिले में पिछले 24 घंटे में जिले में करीब 4 इंच औसत बारिश दर्ज की गई है। लगातार हो रही बारिश से जिला न्यायालय के पास स्थित डॉ देवी सिंह कॉलोनी में आधी रात को एक मकान की दीवार ढह गई। इससे मलबे में दबने से एक महिला की मौत हो गई और 3 लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हादसे में भागवंताबाई मालवीय (55) की मौत हो गई, वहीं प्रतापसिंह मालवीय (36) , पूजा (34) और एक 10 साल की बालिका घायल हो गए। जानकारी के मुताबिक पास के मकान की दीवार इनके मकान पर गिरने के कारण यह हादसा हुआ। मकान को नगर निगम ने 10 साल पहले ही जर्जर घोषित कर रखा है। हादसे के तत्काल बाद देवीसिंह कॉलोनी में अफरा-तफरी मच गई।

इलाके के लोगों ने ही मलबे में दबे परिवार के सदस्यों को बाहर निकाला। स्टेशन रोड़ थाना प्रभारी अजय सारवान और नगर निगम के अधिकारी मौके पर पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शी कांग्रेस नेता किशन सिंघार के अनुसार रात 2 बजे हादसे के बाद घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया जा सका।

जिले में पिछले 24 घंटे के दौरान 107 मि.मी. (4.7 इंच) बारिश दर्ज की गई है। जिले के सैलाना विकासखण्ड में 110 और जावरा में 102 मि.मी. बरसात दर्ज की गई। बारिश के चलते सामान्य जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। शुक्रवार को भी सुबह तेज बारिश के चलते अधिकांश बच्चे स्कूल नहीं जा पाए। शहर की सड़कों और निचली बस्तियों में पानी भर गया है।

अशोक नगर में घरों में घुसा पानी

हरमाला रोड़ स्थित अशोक नगर इलाके में शुक्रवार सुबह कुछ घरों में पानी घुस गया। नगर निगम के स्वास्थ्य अधिकारी एपी सिंह टीम लेकर मौके पर पहुंचे और दीवार तोड़कर पानी की निकासी का इंतजाम किया। आयुक्त एसके सिंह भी यहां पहुंच गए थे।

Sharing is caring!

Similar Articles

Leave a Reply

Top